हर घर नल से जल” उपलब्ध कराने में निगम और जुड़को बरत रहीं है उदासीनता…आखिर कैसे बुझेगी प्यास… बीजेपी नेता रमेश राही ने उठाया सवाल…

धनबाद (DHANBAD) गर्मी ने दस्तक दिया कि जिला भर में पानी के लिए हाहाकार मच गया है. केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना धनबाद जिला में पेयजल व स्वच्छता विभाग, खनन क्षेत्र विकास प्राधिकार, धनबाद नगर निगम एवं जुडको द्वारा “हर घर नल से जल” उपलब्ध कराने के कार्य में शिथिलता बरती जा रही है.

सामाजिक कार्यकर्ता रमेश कुमार राही ने कहा कि जिला में विभिन्न एजेंसियों को मैथन डैम, पंचेत डैम, दामोदर नदी, जमुनिया डैम व बराकर नदी से पाइप बिछाकर हर वंचित घर तक पेयजल उपलब्ध कराने का कार्यादेश दिया गया है. तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी पेयजल की समस्या से आमजनों को लाभ नहीं मिल रहा है. समय सीमा में योजनाओं के पूर्ण नहीं होने से लागत भी बढ़ रही है.

निरसा गोबिंदपुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना की लागत डेढ़ गुणा बढ़ गयी है.
इतना ही नही पाइप बिछाने के कार्य में भी अनियमितता बरती जा रही है. पाइप बिछाने के लिए प्राक्कलन में निर्धारित खुदाई से आधी भी खुदाई नहीं की गयी है. यह गड़बड़ झाला संवेदक और विभाग के अभियंताओं की सांठगांठ से किया गया है.
राज्य सरकार का पेयजल एवं स्वच्छता विभाग एक कंपनी श्री राम ईपीसी चेन्नई पर मेहरबान है जिस एजेंसी को वर्ष 2016 में कार्य आवंटित किया गया

और वह कार्य 2018 में पूर्ण करना था परंतु कार्य आज तक पूर्ण नहीं हुआ है. इस एजेंसी को एक नया कार्य आवंटित कर दिया गया. मेसर्स श्री राम ईपीसी लिमिटेड को वर्ष 2019 में 580 करोड़ का कार्य शहरी जलापूर्ति योजना के तहत धनबाद नगर निगम द्वारा आवंटित किया गया है वह कार्य अपूर्ण है. धनबाद जिला में 2853 करोड रुपये का कार्य हर घर नल से जल के तहत पेयजल मुहैया कराने का कार्य है. 12 बड़ी योजनाएं हैं जिसकी देखरेख पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कर रहा है.

इन योजनाओं के तहत 214766 परिवारों को पेयजल मुहैया कराना है इसके अलावा तीन अन्य बड़ी योजनाएं धनबाद नगर निगम, माडा एवं जुडको की देखरेख में चल रही है एजेंसी को मैथन डैम, पंचेत डैम, दामोदर नदी के तेलमच्चो, सिंदरी, जमुनिया एवं बराकर नदी से पानी का उठाकर हर घर तक पहुंचना है.

NEWS ANP: NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट…