धनबाद(DHANBAD) एनजीकेसी की नयाडीह-कुसुंडा स्थित कोल डम्प में खुलेआम उड़ाई जा रही सुरक्षा मानकों की धज्जियां ; लोडिंग मजदूरों की जान को भारी खतरा : चन्द्र शेखर पाठक
मामला बीसीसीएल कुसुंडा क्षेत्र के एनजीकेसी कोलियरी के डंप नंबर 2 का है, जहां भूमिगत आग से दहकते कोयले की डंपिंग की जा रही है, जिसके कारण पूरे डंप में आग ही आग लग गई है। इस डंप में मैन्युअल लोडिंग के माध्यम से ट्रकों में कोयला भरी जाती है। कोयले में आग लगे होने के कारण लोडिंग मजदूरों की जान को हर समय खतरा बना हुआ है।
मामले पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कोलियरी श्रमिक संघ के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री चन्द्र शेखर पाठक ने कहा कि एक तो गर्मी की चिलचिलाती धूप, ऊपर से कोयले में लगी भयंकर आग, दोनों मिलकर खतरनाक रूप से लोडिंग मजदूर के जान एवं स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है। कोयले में लगी आग लोडिंग मजदूरों के जान के लिए भारी खतरा बना हुआ है एवं भविष्य में किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रही है।।
श्री पाठक ने आगे कहा कि मामले से कोलियरी प्रबंधन अच्छी तरह अवगत है। इसके बावजूद लोडिंग पॉइंट पर सुरक्षा मानकों की घोर अवहेलना, लोडिंग मजदूरों के जान के साथ खिलवाड़ है एवं यह एक घोर सुरक्षा लापरवाही का मामला है। ऐसी स्थिति में यदि लोडिंग पॉइंट पर किसी भी लोडिंग मजदूर की जान एवं स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचता है, तो इसकी समस्त जवाबदेही बीसीसीएल प्रबंधन की होगी।
श्री पाठक ने कोलियरी प्रबंधन से मांग की कि अविलंब आग लगे कोयले में पानी का छिड़काव कर आग को बुझाया जाए, अन्यथा किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रबंधन का इस मामले पर मौन रहना एवं हादसे का इंतजार करना कुसुंडा क्षेत्र में बरती जा रही भारी सुरक्षा लापरवाही को दर्शाता है।
NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट..

Leave a Reply