मुहर्रम के मद्देनज़र पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, शांति व सौहार्द के साथ त्यौहार मनाने की अपील

धनबाद(DHANBAD)मुहर्रम के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क है l बुधवार को होने वाले मुहर्रम के पर्व को देखते हुए मंगलवार को पुलिस द्वारा शहरी क्षेत्र समेत ग्रामीण इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया l

मंगलवार की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक ह्रदीप पी जनार्दनन महोदय के नेतृत्व में एसएसपी आवास से फ्लैगमार्च निकाला गया l एसएसपी महोदय के आदेशानुसार जिले के सभी थाना व ओपी क्षेत्रों में आज पुलिस पदाधिकारियों ने अर्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च किया lइस दौरान एसएसपी ने धनबाद के लोगों से शांति व सौहार्द के साथ मुहर्रम के त्योहार को मनाने की अपील की l जिले में फ्लैगमार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने विभिन्न मुहर्रम अखाड़ा कमेटी के आयोजकों से मुलाक़ात की और पुलिस प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन की जानकारी देते हुए निर्देशों के अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की गई ..

एसएसपी ने सभी मुहर्रम समितियों से अपील करते हुए प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ताजिया निकालने को कहा साथ ही जुलूस के दौरान सभी समिति से अनुशासन बनाये रखने की अपील की l उन्होने कहा कि जुलूस के दौरान सभी समिति ताजिया में शामिल सदस्यों की पहचान सुनिश्चित करेंगे और जुलूस की वीडियोग्राफी करना अनिवार्य होगा lउन्होने सभी समितियों से आग्रह करते हुए जुलूस के दौरान ख़तरनाक करतब न दिखाने की अपील करते हुए डीजे साउंड का इस्तेमाल न करने को कहा मुहर्रम के जुलूस के दौरान भड़काऊ नारे व किसी दूसरे देश का झंडा लहराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई …

एसएसपी ने कहा कि जिले में धनबाद पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है जो ग्रामीण समेत शहरी क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर हर संवेदनशील स्थानों पर तैनात किये गये हैं lपुलिस द्वारा ड्रोन कैमरे से संवेदनशील इलाकों के भवन, आवास व कार्यालय के छतों की निगरानी की जा रही है साथ ही अगले 24 घंटे के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया गया है l अग्निशमन से लेकर व्रज वाहनों को भी किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है..

एसएसपी ने मुहर्रम के दौरान किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील करते हुए मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को डायल 112 या फिर 8210840901 पर फोन कर देने की अपील की l सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी l धनबाद पुलिस की मीडिया सेल सोशल मीडिया पर कड़ी नज़र रख रही है l किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई ..

NEWSANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट