विधानसभा चुनाव के पूर्व व्यापक पैमाने पर पुलिस में तबादला संभव, कवायद जारी..

रांची (RANCHI)झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू हो गयी है। अब तक की जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार, झारखंड में अक्टूबर महीने के पहले सप्ताह में आचार संहिता लागू हो सकता है।इसको देखते हुए सरकार की ओर से पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर तबादले की तैयारी शुरू कर दी गयी है।

दो दिन पहले ही एसपी रैंक के 10 आईपीएस का तबादला किया गया है। अभी कुछ और जिलों के एसपी का तबादला होना है। जानकारी के मुताबिक, आने वाले सप्ताह में आईपीएस स्तर के कई पुलिस अधिकारियों का तबादला होगा। इनमें एसपी, डीआईजी और आईजी रैंक के अधिकारी शामिल होंगे।

इसके अलावा पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी कई अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग की सूचना है।तबादले को लेकर एक और बिंदु भी देखा जा रहा है। पुलिस मुख्यालय भी जिलावार विधि-व्यवस्था, अपराध व नक्सल आदि के बिंदु पर आकलन कर रहा है। जिस जिले में अपराध के आंकड़े अधिक होंगे और निष्पादन व उदभेदन का प्रतिशत कम होगा, उस जिले के कप्तान को बदलने का प्रस्ताव राज्य सरकार को जायेगा। वहीं डीएसपी स्तर के पुलिस पदाधिकारी के ट्रांसफर के लिए भी सूची तैयार की जा रही है।

आने वाले कुछ ही दिनों में राज्य के अलग-अलग पदों पर पदस्थापित डीएसपी रैंक के कई पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया जायेगा। झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर एक ही जिले में तीन साल से पदस्थापित पुलिस कर्मियों का तबादला किया जा चुका है। राज्य पुलिस स्थापना परिषद की बैठक में लिये गये निर्णय के बाद बीते 18 अगस्त को एक ही जिले की इकाई में तीन वर्ष या उसके अधिक समय अवधि तक पदस्थापित पुलिस निरीक्षक और परिचारी प्रभारी की ट्रांसफर-पोस्टिंग हुई थी।

यह भी खबर है कि सत्ताधारी दलों के विधायकों की चाहत को भी तवज्जो मिलेगा। यही वजह है कि 48 घंटे के भीतर निधि द्विवेदी का तबादला रद्द कर वहां के कांग्रेस विधायक डॉक्टर इरफान के इच्छानुसार एहतेशाम वकारीब की पोस्टिंग हो गयी।

NEWSANP के लिए रांची ब्यूरो के साथ कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट