धनबाद के होटल और कोयला कारोबारियों के यहां आयकर का छापा…

धनबाद (DHANBAD)बुधवार को कड़ाके की ठंड के बीच आयकर विभाग की टीम धनबाद के करीब आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। आयकर विभाग की यह बड़ी कार्रवाई कोयला कारोबार और होटल के कारोबार से जुड़े लोगों के यहां हो रही है।


आयकर विभाग की करीब 20 सदस्यीय टीम 10 अलग अलग गाड़ियों में सवार होकर आज सुबह करीब छह बजे धनबाद के कोयला और होटल कारोबारियों के आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर दस्तक दी। बताया जा रहा है कि इस टीम में झारखंड के अलावा बिहार के भी आयकर विभाग के अधिकारी शामिल है।

वहीं कोयला कारोबार से जुड़े अनिल गोयल, सुरेश चौधरी, मन्नू सिंह और दीपक पोद्दार के आवास, ऑफिस, होटल और भट्टो पर आयकर विभाग की टीम छापेमारी कर रही है।


जानकारी के अनुसार दीपक पोद्दार के जोड़ाफाटक स्थित आवास व कार्यालय, बरवाअड्डा स्थित वेडलॉक होटल एंड रिसोर्ट में आईटी की जांच जारी है। दीपक पोद्दार के अलावा कोयला कारोबारी अनिल गोयल के तोपचांची और निरसा के हार्ड कोक भट्ठा में भी छापामारी चल रही है।

इसमें निरसा तेतुलिया कोक प्लांट, गोविंदपुर के जीयलगोड़ा पंचायत में जय माँ कल्याणी उद्योग लिमिटेड आदि का नाम सामने आया है। अनिल गोयल के टिकियापाड़ा आवास को भी जांच टीम खंगालने पहुंची है। इस दौरान बड़ी संख्या में केंद्रीय पुलिस बल मौके पर तैनात है।

NEWS ANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट…..