जदयू के साथ भाजमों के मर्ज की संभावना तेज़..झारखंड में विस चुनाव नीतीश के साथ लड़ेंगे सरयू राय.. तीसरा मोर्चा के गठबंधन पर बन सकती है सहमति..

धनबाद (DHANBAD) झारखंड में विधानसभा चुनाव जदयू और भारतीय जनतंत्र मोर्चा मिलकर लड़ेंगे। इस पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सहमति दे दी है। यह घोषणा रविवार को भाजमो के संयोजक सह जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने सर्किट हाउस में मीडिया के समक्ष की। उन्होंने कहा कि जदयू का झारखंड में भाजपा के साथ गठबंधन नहीं है। नीतीश कुमार से भी पहले दौर की बातचीत हो चुकी है। शनिवार को पटना में नीतीश कुमार से मुलकात हुई थी। उनसे बातचीत सकारात्मक रही। वे विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने पर सहमति तो बन गई है, लेकिन कौन कितनी सीट से चुनाव लड़ेगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। जल्द ही जदयू के केंद्रीय नेताओं के साथ बैठक कर तालमेल की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वैसे भाजमो ने राज्य में 30 सीट पर उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है। आप किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, इस सवाल पर सरयू राय ने कहा कि वह इस बार भी वर्तमान सीट से ही चुनाव लड़ेंगे।

भाजमो का जदयू में विलय भी संभव विधायक सरयू राय ने कहा कि पार्टी का जदयू में विलय पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ हे। पहले दौर की बातचीत में केवल मिलकर झारखंड में विधानसभा चुनाव लड़ने पर चर्चा हुई है। जहां तक विलय का सवाल है तो वह आने वाली परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के पास अभी कोई सिंबल नहीं है, जबकि जदयू के पास सिंबल है। इसका लाभ चुनाव में मिलने की संभावना है। भाजपा में वापसी के सवाल पर कहा कि लोकसभा चुनाव के समय भी यह बात उठी थी। इस बार भी उठ रही है, लेकिन सच है कि भाजपा के किसी नेता ने ऐसा कोई ऑफर नहीं दिया है

NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट..