झारखंड में ‘INDIA’ का शक्ति-प्रदर्शनमोदी सरकार पर जमकर बरसा विपक्ष…



रांची(RANCHI) झारखंड की राजधानी रांची में रविवार को विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ ने एकजुटता दिखाई। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व में यह रैली रांची के प्रभात तारा मैदान में हुई। रैली को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को सत्ता की कोई इच्छा नहीं है। वह सिर्फ देश की सेवा करना चाहते हैं। वह देश को नंबर 1 बनाना चाहते हैं। कई लोग कहते हैं कि ये मुश्किल है। ‘जेल के ताले टूटेंगे, अरविंद केजरीवाल, हेमंत सोरेन छूटेंगे…

उन्होंने कहा कि राजनीति बहुत गंदी चीज है, उनके खाने में कैमरा लगाया जा रहा है। वे शुगर के मरीज हैं। वे पिछले 12 वर्षों से प्रतिदिन 50 यूनिट इंसुलिन ले रहे हैं, लेकिन उन्हें जेल में इंसुलिन नहीं दी जा रही है। वे दिल्ली के सीएम को मारना चाहते हैं। वे बहुत बहादुर हैं। वह शेर हैं। उन्हें जेल में भी ‘भारत माता’ की चिंता है।

हेमंत सोरेन ने जेल से भेजी चिट्ठी, कल्पना सोरेन ने प्रभात तारा मैदान में पढ़ी

कल्पना सोरेन मुर्मू ने प्रभात तारा मैदान में जेल से पति हेमंत द्वारा भेजे गए चिट्ठी को पढ़ा। कल्पना ने कहा मैं आज आप सबके सामने हेमंत सोरेन जी का पत्र लेकर आई हूं। जो उन्होंने जेल से भेजा है। हेमंत सोरेन ने जेल से झारखंड वासियों के लिए संदेश भेजा है। उलगुलान की धरती झारखंड में आयोजित उलगुलाल न्याय महारैली में पूरे झारखंड के विभिन्न गांव, पंचायत,टोले से आए हुए बड़े बुजुर्ग,माताएं,बच्चे,बहानों और मेरे साथियों और मेरे पूरे देश से आए हुए

इंडिया महापरिवार के नेतागणों को धरती आबा बिरसा मुंडा,सिद्धू कान्हू जैसे अनेक शहीदों के इस पावन धरती पर मैं बरसा कारा से आप सभी का हार्दिक अभिनंदन करता हूं। आज इस महारैली में मौजूद राज्य निर्माता ढिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को चरण स्पर्श करता हूं। साथियों आज झारखंड उलगुलान रैली में आपके साथ नहीं हूं। विगत चार सालों से विपक्ष मेरे खिलाफ षड्यंत्र रच-रचकर आखिरकार एक बेबुनियाद आरोप में करीब ढाई महीने से मुझे बिरसा जेल में बंद कर रखा है। इसी तरह आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी उनके सहयोगियों के साथ दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद कर रखा है। यह आजादी के बाद पहली बार हुआ है

जब किसी पार्टी के नेता और मुख्यमंत्री और मंत्रियों को चुनकर चुनाव के ठीक पहले संयोजित तरीके से बेमुनियाद और आरोपी से जेल में डाला गया है। खैर कोई बात नहीं मुझे आज जेल में रहते हुए भी खुशी हो रही है कि जिस लोकतंत्र की रक्षा हक अधिकार की लड़ाई के लिए हम लड़ रहे हैं। उसे केवल हम ही नहीं बल्कि विभिन्न राज्य के नेता आगे बढ़ा रहे हैं। 2024 का लोकसभा चुनाव चल रहा है। एक तरफ हम सब इंडिया महागठबंधन के लोग हैं दूसरी तरफ पूंजीपतियों की जमात और षड्यंत्रकारी केंद्र सरकार एनडीए के लोग हैं। आज देश एक विषम परिस्थिति से गुजर रहा है। विगत 2014 से केंद्र में बीजेपी इंडिया की सरकार चल रही है और दो बार देश की जनता ने एनडीए को सरकार बनाने का मौका दिया है। गैर भाजपा राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है सरकार गिराई जा रही है।

आज हमें जेल से आप तक पत्रों के माध्यम से संदेश भेजना पड़ रहा है। यह देश हमें भीख में नहीं मिली है, इस देश को पाने के लिए हमने अनगिनत शहादत दी है। विगत कई साल से षड्यंत्रकारी एनडीए की सरकार ने 2014 को देश के लोगों को बड़ी चतुराई से सपने दिखाए, आंखों में धूल झोंक दिए,हर जाति धर्म के लोगों को मूर्ख बनाया गया। देश के युवाओं, महिलाओं और आदिवासियों को ठगा गया। विपक्ष की आवाज को कुचलने का काम किया जा रहा है। इस देश के लोकतंत्र को आज खतरा है। हम अपना हक मांगते है तो हमें जेल में डाल दिया जाता है। आज उलगुलान महारैली में आए क्रांतिकारी नेताओं की मौजूदगी इसका गवाह है कि इस उलगुलान महारैली के मंच पर आदरणीय मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, फारूक अब्दुल्ला, भगवंत मान, सुनीता केजरीवाल, दीपांकर भट्टाचार्य, संजय सिंह, प्रियंका चतुर्वेदी, तेजस्वी यादव और विवेक गुप्ता का अभिवादन करता हूं। साथियों, उलगुलान का मतलब ही है- अब और नहीं चलेगी ठगों की सरकार।

संजय सिंह ने पीएम मोदी को घेरा

इस दौरान ‘आप’ सांसद संजय सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि INDI गठबंधन भारत के लिए काम करेगा और पीएम मोदी अदाणी के लिए काम करेंगे। भाजपा ने बंगाल में ‘400 पार’, ‘200 पार’, दिल्ली में ’35 पार’, झारखंड में ’65 पार’ जैसे नारे देकर लोगों को गुमराह किया। ‘400 पार’ का नारा फर्जी है। इस बार आपको उन्हें ‘ताड़ी पार, ताड़ी पार’ कहना चाहिए।

प्रियंका चतुर्वेदी ने कही यह बात

INDIA ब्लॉक की ‘उलगुलान न्याय महारैली’ में शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने मुझ से कहा कि प्रियंका तुम झारखंड जाओ और हमारी दो बहनें एक दिल्ली में और एक झारखंड में जो लड़ाई लड़ रही हैं उनके साथ उनकी आवाज उठाओ। देश की जनता को बताओ कि किस प्रकार ED-CBI-IT विपक्ष का गला घोंटने का काम कर रही है।

तेजस्वी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

रैली में राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने केवल ये काम किए हैं- देश में गरीबी बढ़ाई, महंगाई बढ़ाई, जुमलेबाजी की। 2014 में उन्होंने कहा था कि हर साल 2 करोड़ लोगों को नौकरी दी जाएगी, वो नौकरी कहां गई? कालाधन वापस आएगा और सभी के खाते में 15 लाख रुपए डाले जाएंगे। आप लोग के खाते में पैसा नहीं आया, लेकिन बीजेपी के खाते में चंदा चुनावी बॉन्ड के जरिए हजारों- करोड़ों रुपए आ गए हैं।

अरविंद जी को जेल में मारने की साजिश की जा रही है- सुनीता केजरीवाल

दिल्ली के सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अरविंद जी को मारना चाहते हैं, उन्हें जेल में सही दवा नहीं दी जा रही। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया गया। ये तानाशाही को दर्शाता है।

बीजेपी ने सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम किया है- अखिलेश यादव

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश प्रसाद यादव ने कहा कि आज की रैली से ये ऐलान हो रहा है कि जो लोग 2014 में आए थे वो 2024 में जाएंगे। बीजेपी ने सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम किया है।

पहले फेज के मतदान से बीजेपी वाले हिल गए है- भगवंत मान

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया गया। जबकि, उनका कसूर कुछ भी नहीं है। ये लोकप्रिय नेता है, जहां भी जाते है बीजेपी का सूपड़ा साफ हो जाता है। पहले फेज के मतदान से बीजेपी वाले हिल गए है। इंडी गठबंधन को अधिक सीटें मिल रही है। मोदी जी, चाय बनाना भी नहीं जानते होंगे, ये भी जुमला ही होगा।

झारखंड का नाम नहीं बिगाड़ पाए तो अब काम बिगाड़ने में लगे हैं- भट्टाचार्य

भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड को झुकाने की साजिश नई नहीं है। ये झारखंड का नाम बिगाड़ना चाहते थे, वनांचल रखना चाहते थे। नाम नहीं बिगाड़ पाए तो अब काम बिगाड़ने में लगे हैं। जब राज्य में डबल इंजन की सरकार थी तो पत्थलगड़ी आंदोलन दबाने की कोशिश हुई। आदिवासियों को जेल में डाला गया। हेमंत सोरेन और केजरीवाल को भी जेल डाला गया। हम इस विरोध के खिलाफ खड़े हुए हैं ।

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के खिलाफ एक हुआ विपक्ष- स्टीफन मरांडी

मंच पर मौजूद नेताओं का स्वागत अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर किया गया। जेएमएम के नेता स्टीफन मरांडी ने कहा, मुझे खुशी है कि हम इतनी संख्या में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के खिलाफ एकत्रित हुए हैं। मैं यहां मौजूद सभी नेताओं का स्वागत करता हूं।

चंपई सोरेन ने कही यह बात

इससे पहले झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने रैली की तैयारियों को लेकर ‘इंडिया’ के नेताओं के साथ बैठक की। सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘यह रैली केंद्र सरकार द्वारा आदिवासियों एवं मूलवासियों पर हो रहे अत्याचारों तथा उन्हें जल, जंगल व जमीन से दूर करने की साजिश का पर्दाफाश करेगी।’
28 पार्टियों के समर्थन का दावा

गठबंधन के नेताओं का दावा है कि 28 पार्टियों ने रैली का समर्थन किया है। पांच लाख से अधिक लोग इसमें भाग लेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप सांसद संजय सिंह, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता मंच पर मौजूद रहे।

शिबू सोरेन के साथ मंच पर पहुंची कल्पना

शिबू सोरेन, बसंत सोरेन और कल्पना सोरेन मंच पर पहुंच गए है। वहीं, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, पंजाब के सीएम भगवंत मान, आप नेता संजय सिंह और शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी मंच पर मौजूद है।

मंच पर अरविंद केजरीवाल-हेमंत सोरेन के लिए खाली छोड़ीं गईं कुर्सियां

‘इंडिया’ ने महारैली में बड़े-बड़े दिग्गज नेता मौजूद रहे। इसके साथ ही मंच पर दो खाली कुर्सियां रखी गईं। एक जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए और दूसरी झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए। उनकी जगह नीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन ने मंच साझा किया।

उलगुलान रैली में आपस में भिड़े दो गुट, जमकर चलीं कुर्सियां

उलगुलान रैली में शामिल होने आई कार्यकर्ताओं की भीड़ में दो गुटों के बीच झड़प हो गयी। इस दौरान केएन त्रिपाठी के विरोध में नारे लगे। कुर्सियां भी तोड़ी गई। केएन त्रिपाठी को कांग्रेस ने चतरा से अपना उम्मीदवार बनाया है।

NEWS ANP के लिए रांची से V SIngh की रिपोर्ट…